रिपोर्ट – राम रतन सोनी
दोस्तपुर,सुल्तानपुर। बसंत पंचमी के पावन अवसर पर सेंट जेवियर्स स्कूल, दोस्तपुर में 11 कुंडीय गायत्री महायज्ञ एवं सरस्वती पूजन का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान वैदिक मंत्रोच्चार के बीच गायत्री महायज्ञ संपन्न हुआ तथा विद्या और ज्ञान की देवी मां सरस्वती की विधिवत पूजा-अर्चना की गई।
महायज्ञ में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, अभिभावकों एवं क्षेत्र के गणमान्य लोगों ने श्रद्धा एवं भक्ति के साथ आहुति दी। पूरे परिसर में आध्यात्मिक वातावरण बना रहा।
इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक कुशाग्र बरनवाल ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। वहीं विद्यालय के प्रधानाचार्य अमित श्रीवास्तव ने बसंत ऋतु के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह ऋतु जीवन में नवीन ऊर्जा, उत्साह और सकारात्मकता का संचार करती है। उन्होंने विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं की तैयारी पर ध्यान केंद्रित करने की प्रेरणा दी तथा मां सरस्वती से सभी के सफल भविष्य की प्रार्थना की।
कार्यक्रम में सर्वेश तिवारी, आशुतोष सिंह, समस्त शिक्षकगण, अभिभावक एवं समाज के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे। उपस्थित अतिथियों ने विद्यालय द्वारा आयोजित इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम की सराहना की। अंत में विद्यालय प्रशासन की ओर से सभी अतिथियों एवं सहभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।