अखनूर में ड्यूटी के दौरान शहीद हुआ जयसिंहपुर का लाल

SHARE:

 

आंखे नम,गांव में पसरा मातम

रिपोर्ट – चंद्र प्रताप सिंह रोहित

जयसिंहपुर (सुल्तानपुर)। तहसील क्षेत्र के बरुई गांव निवासी सेना के जवान भूपेन्द्र कुमार सिंह की जम्मू-कश्मीर के अखनूर स्थित ऑर्डिनेंस डिपो में ड्यूटी के दौरान रविवार सुबह शहादत की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। जैसे ही यह दुखद समाचार गांव पहुंचा, हर आंख नम हो गई और गांव में मातमी सन्नाटा पसर गया।

परिवार के अनुसार भूपेंद्र कुमार सिंह शनिवार की रात रात्रि ड्यूटी पर गए थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। इसके बाद देर रात उनकी पत्नी को सेना के अधिकारियों द्वारा फोन कर बताया गया कि वे अस्पताल में भर्ती हैं और किसी ऑपरेशन की बात सामने आई है। रविवार सुबह लगभग 9 बजे जवान के शहीद होने की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

भूपेन्द्र कुमार सिंह के बड़े भाई रविन्द्र कुमार दूबे ऑर्डिनेंस डिपो में ही सूबेदार मेजर के पद पर कार्यरत हैं, जबकि छोटा भाई भी सेना में देश सेवा कर रहा है। शहीद का पूरा परिवार देश की रक्षा में समर्पित रहा है।

परिवार का सैन्य इतिहास भी गौरवपूर्ण रहा है। शहीद के पिता प्रसिद्ध नारायण सिंह भी सेना में सेवाएं दे चुके थे और 1996 में सेना से सेवा निवृत्त हुए, और अब इस दुनिया में नहीं हैं।

भूपेन्द्र कुमार सिंह 18 वर्ष की उम्र में 2003 में सेना में भर्ती हुए थे और 41 वर्ष की उम्र में शहीद हो गए। उनकी शादी वर्ष 2009 में रूबी सिंह से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं—बेटी शिल्पा सिंह (14 वर्ष), जो कक्षा 10 की छात्रा है और बेटा शिवांश सिंह (8 वर्ष) कक्षा 3 में पढ़ाई कर रहा है दोनों बच्चे अखनूर स्थित आर्मी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं और पिता के साथ ही रहते थे।

शहीद का पार्थिव शरीर पैतृक गांव बरुई लाया जा रहा है, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा। गांव के लोग, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शहीद को अंतिम विदाई देने की तैयारी में जुटे हैं।

देश की रक्षा में अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले इस वीर सपूत की शहादत पर क्षेत्र को गर्व है, लेकिन परिवार और गांव को जो अपूरणीय क्षति हुई है, उसकी भरपाई कभी नहीं हो सकती।सैनिक के शहीद होने की खबर पर जिले के आला अधिकारी गांव पहुंच गए।

Nation View 24
Author: Nation View 24

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई